Loading...

फास्ट फूड या मसालेदार खाने की जगह घर का सुपाच्य भोजन करना ही उचित है : डॉ. नम्रता गुप्ता


उभरते सितारे मे 'स्वास्थ्य निर्देश'

नागपुर। छोटी-छोटी समस्याएं जो हमें होती है, वो डाइजेशन से संबंधित या हाइपर एसिडिटी से संबंधित होती है। यह हमारे मसालेदार खान-पान से होती है। कभी मौसम परिवर्तन से भी हमें शारीरिक रूप से कुछ ना कुछ समस्याएं आती है। आजकल यह समस्या किसी भी उम्र में हो सकती है। हमारी दिनचर्या में बायोलॉजिकल बदलाव आ चुका है, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक में नज़र आता है। बच्चे बड़ों का अनुसरण करते हैं। घर के खाने की जगह बाहर का खाना ज्यादा पसंद करने लगे हैं। जिससे, कई बार समस्याएं शुरू होती है। इसीलिए, फास्ट फूड या मसालेदार खाने की जगह घर का सुपाच्य भोजन करना ही उचित है। यह विचार डॉक्टर नम्रता गुप्ता ने बच्चों और उनके अभिभावकों के बीच रखा।


विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन का नवोदित प्रतिभाओं को समर्पित उपक्रम 'उभरते सितारे' का आयोजन हिंदी मोर भवन के उत्कर्ष हॉल में किया गया। कार्यक्रम का विषय 'स्वास्थ्य निर्देश' के अंतर्गत ज्ञानवर्धक, मनोरंजन और संगीतमय प्रस्तुतियों से भरा रहा। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में स्वास्थम आयुर्वेदिक क्लीनिक और पंचकर्म केंद्र की निर्देशिका डॉ नम्रता गुप्ता जी उपस्थित थीं। इनका सम्मान संयोजक युवराज चौधरी और सहसंयोजिका वैशाली मदारे ने स्वागत वस्त्र तथा स्मृतिचिन्ह देकर किया। सर्वप्रथम, कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए, सहसंयोजिका वैशाली मदारे ने स्वास्थ्य विषय पर छोटी-छोटी लेकिन महत्वपूर्ण जानकारी बच्चों को दी।


तत्पश्चात, बच्चों ने भी इस विषय पर अपने विचार रखते हुए अपने गीतों और नृत्य से सबका मन जीत लिया। जिसमें संपूर्णा रेमंडल ने स्वास्थ्य पर बहुत सुंदर स्वरचित कविता की। खुशबू दुपारे ने सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी। अर्चिता लखोटे ने एकल गीत के साथ-साथ मेडले गाकर बेहतरीन गायकी का परिचय दिया। दोर्फी जनबंधु की मधुर आवाज में प्रस्तुत दो गीतों को दर्शको का खूब प्यार मिला।

बच्चों की प्रस्तुतियों को उनके अभिभावकों के साथ-साथ शमीम सिद्दीकी, दीपक भावे, राहुल गुप्ता, चित्रलेखा दुपारे, अश्विनी अजय लखोटे, जस्टिन योहान्स, योगिता तरारे, प्रेरणा पाटिल, यश कुलसुंगे और सोमप्रभ उईके  आदि ने बहुत सराहा। कार्यक्रम में प्रशांत शंभरकर ने सहयोग किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन सहसंयोजिका वैशाली मदारे ने किया। एवं, उपस्थित सभी दर्शकों, कलाकारों और बच्चों का आभार संयोजक युवराज चौधरी ने अपने शब्दों में व्यक्त किया।
समाचार 4750318614845090105
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list