Loading...

जरीपटका में ‘संजीवनी स्वास्थ्य केंद्र’ का शुभारंभ


संजीवनी फाउंडेशन तथा देवकी बहूउद्देशीय विकास संस्था का संयुक्त उपक्रम 

नागपुर। सुप्रसिद्ध सामाजिक संस्था संजीवनी फाउंडेशन मेडिकल सहायता के क्षेत्र में तीन वर्षों की अल्पावधि में अग्रणीय संस्था के रुप में प्रसिद्धि पा चुकी है। अपनी सामाजिक सेवाओं में एक कदम आगे बढ़ाते हुए देवकी बहूउद्देशीय विकास संस्था के सहयोग से नरेंद्र इंगळे के जनसंपर्क कार्यालय, प्लाट नंबर एक, हनुमान मंदिर के सामने, अमर ज्योति नगर, नारा रोड जरीपटका में आयोजित कार्यक्रम में स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र कुकरेजा के करकमलों से ‘संजीवनी स्वास्थ्य केंद्र’ का उद्घाटन संपन्न हुआ। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. विंकी रुघवानी ने की। साधना सहकारी बैंक के अध्यक्ष घनश्याम कुकरेजा, विजय शादी, महेश किगरानी, पेसूराम दारा, जीतू बेलानी मंच पर विराजमान थे। वसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों ने सर्वप्रथम मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात आए हुए अतिथियों का स्वागत संजीवनी फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष अशोक केवलरामाणी, कार्यकारिणी सदस्य रुपचंद रामचंदानी तथा प्रकाश टहलरामानी ने किया। 

संजीवनी फाउंडेशन के उपाध्यक्ष अशोक माखीजानी ने प्रस्तावना रखते हुए संस्था के तीन वर्षों के कार्यकाल का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए वीरेंद्र कुकरेजा कहा कि संजीवनी फाउंडेशन दीनों एवं ज़रूरतमंदो की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहती है। फाउंडेशन के अध्यक्ष वाधनदास तलरेजा स्वयं प्रेरणा से लोगों की सेवा करने के लिए लालायित रहते हैं। इस स्वास्थ्य केंद्र से अमर ज्योति नगर, आहूजा नगर तथा आस पास के ज़रूरतमंद लोग स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठा सकते हैं। 

डॉ. विंकी रुघवानी ने समाज के सभी वर्गों के ज़रूरतमंद लोगों को हर संभव सहायत्ता देने का वचन दिया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस पुनीत कार्य के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद ली जाएगी। संस्था के अध्यक्ष व नागपुर के प्रसिद्ध व्याख्यानकर्ता वाधनदास तलरेजा ने बताया कि संस्था द्वारा मेडिकल सहायता के साथ साथ समाज के आर्थिक रूप से कमज़ोर लोगों को शिक्षा प्राप्त करने हेतू वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। 

इस स्वास्थ्य केंद्र हेतु देवकी बहूउद्देशीय विकास संस्था के अध्यक्ष नरेंद्र इंगळे ने अपनी जगह दी है जिसके लिए वे प्रशंसा के पात्र हैं। स्वास्थ्य केंद्र में फीस मात्र 20 रुपए में मेडिकल चेक अप के साथ निःशुल्क दवाएं प्रदान की जाएंगी। डॉ. किरण लालवानी रोज़ शाम को 7 से 9 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। साथ ही बी.पी और शुगर की जांच भी मात्र 20 रुपए में की जाएगी। 

संजीवनी फाउंडेशन के सचिव सुरेश आहूजा ने आए हुए महानुभावों का आभार माना। मंच संचालन सुप्रसिद्ध उद्घोषिका डॉ. संगीता दलवानी ने अपनी प्रखर तथा ओजस्वी वाणी में किया। 
इस अवसर पर सुरेश केवलरामानी, ओमप्रकाश हेमराजानी, किशन आसूदानी, कुंदन गिदवाणी, प्रकाश कल्याणी, ताराचंद तेजवाणी, श्याम जयसिंघाणी, मंजू कुंगवानी, विजय ककवानी, रमेश अटलानी, सोमेश्वर इंगळे , नितीन रायकवार, अशोक तिजारे, अंकुश चैवान, गुडु रायकवार, दिपक शकवार, रामकृष्ण इंगळे, रामदास ऊचितकर, हर्षल भटनागर, रेखा लोणारे, रेखा भटनागर, भूमिका उचितकर, गीतम भटनागर, सध्या तिजारे, रिना रायकवार, लक्ष्मी रायकवार, राजू ढोलवाणी विशेष रुप से उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पिंकी रामनानी तथा जगदीश वंजानी ने अथक प्रयास किया।
समाचार 691892967075201505
मुख्यपृष्ठ item

ADS

Popular Posts

Random Posts

3/random/post-list

Flickr Photo

3/Sports/post-list