भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव पर आकर्षक झांकियों के साथ निकाली शोभायात्रा
https://www.zeromilepress.com/2024/05/blog-post_35.html
हिंगना मार्ग स्थित श्री रेणुका माता मंदिर यशोदा नगर से श्रीराम मंदिर लोकमान्य नगर तक गूंजे जयकारे
नागपुर। आराध्य श्री हरि विष्णु के छठवें अवतार अजर अमर अविनाशी भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार 12 मई को परशुराम सर्व भाषीय ब्राह्मण संघ द्वारा अनेक ब्राह्मण संगठनों के सहयोग से आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान परशुराम गरुड़ रथ पर सवार थे। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ यशोदा नगर, हिंगना मार्ग स्थित श्री रेणुका माता मंदिर परिसर में मुख्य अतिथि सुधीर दिवे तथा संस्था के अध्यक्ष त्रिलोकीनाथ सिधरा, मुख्य संयोजक जितेंद्र शर्मा सहित अन्य समाज बंधु द्वारा भगवान परशुराम के पूजन और महाआरती के साथ हुआ। इस वर्ष भगवान परशुराम जी रोकड़े ज्वेलर्स द्वारा प्रायोजित गरुड़ रथ पर सवार थे। भगवान के रथ के सामने लोट्स स्केटिंग ग्रुप गांधीबाग द्वारा धर्म ध्वजा फहराते हुए स्केटिंग करतब प्रदर्शन, लोक जागृति मोर्चा एवं शिवशक्ति अखाड़ा द्वारा दण्डयुद्ध कला प्रदर्शन, श्री गुजरती ब्रह्म समाज द्वारा डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया गया।
भजन गायक पैलेश जोशी, सूरज शर्मा, मयंक शर्मा एवं सहयोगियों द्वारा शोभायात्रा के मार्ग में सुमधुर भजनों की प्रस्तुति की गई। शोभायात्रा में विप्र फाउंडेशन की झांकी परशुरामजी द्वारा शिव पूजन, विधायक समीर मेघे द्वारा तिरुपति बालाजी, महालक्ष्मी दर्शन, श्री मीताराम पटले परिवार द्वारा सिंह रथ पर सवार सप्तश्रृंगी माता एवं श्री गणेश दर्शन, श्री परशुराम सांस्कृतिक मंच द्वारा गोरक्षा का संदेश, रेशम रुई द्वारा श्री टेकड़ी गणपति दर्शन, पारीक समाज एवं किशोर रिखबचंद शर्मा द्वारा अयोध्या के बालक श्रीराम से धर्मरक्षक श्रीराम की झांकियां थीं। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ शंखनाद ग्रुप द्वारा शोभायात्रा के पूरे मार्ग में शंखनाद किया गया। गायत्री परिवार राय टाउन हिंगना मार्ग एवं हिंदी भाषीय ब्राह्मण विकास संघ द्वारा वेद पाठ किया गया।
मिशन मोटिवेशन द्वारा कल्कि अवतार की परिकल्पना को झांकी के माध्यम से साकार किया गया। परशुराम सर्व भाषीय ब्राह्मण संघ महिला मंडल द्वारा माहुरगढ़ से प्रज्वलित श्री रेणुका माता की अखंड ज्योत एवं श्री कोराडी माता के दर्शन भी शोभायात्रा में हुए। शोभायात्रा के मार्ग में अनेक संगठनों एवं स्वस्फूर्त धर्म प्रेमियों द्वारा जलपान से स्वागत किया गया। महाआरती और महाप्रसाद के साथ शोभायात्रा श्रीराम मंदिर, लोकमान्य नगर हिंगना मार्ग पर महाआरती की गई। महाआरती के बाद महाप्रसाद की व्यवस्था की गई जिसका बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लाभ लिया।