महानगर पालिका का बजट किया प्रस्तुत
नागपुर। महानगर पालिका का बजट मंगलवार को स्थायी समिति के अध्यक्ष पिंटू झलके ने मनपा की ऑनलाइन विशेष सभा में प्रस्तुत किया। कोविड- 19 का असर और शासन से विशेष अनुदान मिलने की अपेक्षा नहीं होने से मनपा का वर्ष 2020 - 21 के लिए 2731 करोड़ का बजट प्रस्तुत किया गया है, जो गत वर्ष की तुलना में 476.87 करोड़ कम राशि का बजट है।
गत वर्ष 3197.60 करोड़ का बजट प्रस्तुत किया गया था। बजट में शुरू वित्तीय वर्ष में 2500 करोड़ की आय अपेक्षित है। जबकि वित्तीय वर्ष में 2730.75 करोड़ रुपये खर्च होने की बात कही गई है।
मनपा की वास्तविक आय का विचार करें तो गत वर्ष की तुलना में कम राशि का बजट होने से इसका परिणाम शहर के प्रस्तावित विकास कार्यों पर होगा। हालांकि कोविड - 19 के कारण अप्रैल माह से ठप रहे विकास कार्यों के मामले में कार्यादेश होने वाले कार्य और प्रलंबित विकास कार्यों को निधि उपलब्ध कराकर, उन्हें तत्परता से शुरू करने का मानस स्थायी समिति अध्यक्ष पिंटू झलके ने अवश्य व्यक्त किया है।
मनपा को राज्य सरकार से जीएसटी व राजस्व अनुदान से 1411.21 करोड़ मिलेंगे। सम्पत्ति कर से 223.35 करोड़, जल कर से 175 करोड़, बाजार विभाग से 14.75 करोड़ तथा स्थावर विभाग से 12.05 करोड़ राजस्व मिलने की अपेक्षा है।
इसी प्रकार मनपा के मुख्य आर्थिक स्रोत नगर रचना विभाग से 110.5 करोड़, लोककर्म बीओटी प्रकल्पसे 2.01 करोड़, विद्युत विभाग से 25.05 करोड़ मिलने की आशा है।